द. अफ्रीका: लॉकडाउन नियम तोड़ने पर मंत्री 2 महीने के लिए सस्पेंड

दक्षिण अफ्रीका की संचार मंत्री स्टेला अंदाबेन को लॉकडाउन नियम तोड़ने पर दो महीने के लिए निलंबित कर दिया गया। उन पर आरोप है कि वे कुछ लोगों के साथ लंच पर गईं थीं। कुछ दिनों पहले सोशल मीडिया पर उनकी तस्वीरें वायरल हुई थीं। इसमें वे अपने कुछ दोस्तों के साथ लंच कर रही थीं। तस्वीरों में पांच लोग नजर आ रहे थे। इसके बाद अफ्रीकी राष्ट्रपति सिरिल रामफोसा ने बुधवार को उन्हें दो महीने की छुट्टी पर भेज दिया। साथ ही उन्हें सार्वजनिक रूप से माफी मांगने के लिए भी कहा। देश में 21 दिन का लॉकडाउन लगाया गया है। यहां 1749 लोग संक्रमित हैं, जबकि 13 लोगों की मौत हो चुकी है।